मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र स्थित हीरापुर गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के साथ शनिवार सुबह हादसा हो गया. बिजली का तार टूटकर पंडाल पर गिरने और करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई. तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है. गंभीर घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है.

पुलिस के अनुसार, गणेश समिति के सदस्य सुबह करीब 4 बजे प्रतिमा विसर्जन से लौटे थे. इसके बाद झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए आठ युवक पंडाल में सो गए. करीब 5:30 बजे एम्प्लीफायर में स्पार्किंग हुई और युवकों को करंट लग गया. घायल मौसम भावरे के मुताबिक, युवक एक लाइन में सो रहे थे. सबसे आगे सोए चार युवकों की मौत हुई, जबकि उन्हें उठाने की कोशिश में मौसम को भी करंट लगा.

मृतकों की पहचान रवि झरिया (24), जेनू भांवरे (19), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सभी मजदूरी करते थे; कृष्ण कुमार पढ़ाई के साथ मजदूरी भी करते थे.

गांव के सरपंच प्रेमचंद भावरे ने बताया कि हादसे से पहले तेज हवा और बारिश हुई थी. पानी के कारण शॉर्ट सर्किट होने और बिजली का तार ग्रिल से टकराने की आशंका जताई गई है. एसडीओपी नैनपुर मनीष राज ने बताया कि पंडाल पक्का बना हुआ था. शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच जारी है.

मंत्री संपतिया उइके ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उनके अनुसार, परिवारों को तत्काल 5-5 हजार रुपये दिए गए हैं और तीन दिन में 4-4 लाख रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी. घायल के परिवार को 1.5 लाख रुपये मुआवजा देने की बात भी कही गई है. कुछ परिवारों के एक सदस्य को आउटसोर्स के जरिए रोजगार देने पर विचार किया जा रहा है.