मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे 343 मतदाता पहचान-पत्र लावारिस हालत में मिले हैं. ये कार्ड रविवार, 25 अक्टूबर को नदी तट पर चलाए जा रहे सफाई अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को मिले. इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई और राजस्व विभाग की टीम ने कार्ड जब्त कर लिए.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनमें से कई कार्ड पड़ोसी इंदौर जिले की राऊ विधानसभा सीट से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, कार्ड वहां तक कैसे पहुंचे और उन्हें किसने नदी किनारे छोड़ा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

खरगोन जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नायक ने मंडलेश्वर थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है. कांग्रेस ने नर्मदा में गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाने की मांग भी की, ताकि नदी में और कार्ड होने की स्थिति का पता लगाया जा सके.

मंडलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला के अनुसार, पुलिस को शिकायत मिली है और थाना प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने अभी तक किसी व्यक्ति या संस्था को जिम्मेदार नहीं ठहराया है.