मध्य प्रदेश सरकार ने 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों को अधिसूचित किया है. इन क्षेत्रों के लिए कुल 412 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है. राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने यह अधिसूचना मध्य प्रदेश MSME औद्योगिक भूमि एवं भवन आवंटन और प्रबंधन नियम, 2025 के तहत जारी की है.
भोपाल जिले में रातीबड़ और अगरिया छापर में औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाएंगे. रातीबड़ को आरा मशीन क्लस्टर के लिए चिह्नित किया गया है. इसके अलावा पन्ना के बड़ा गांव, सीहोर के इछावर, देवास के कालूखेड़ी और बुरहानपुर के सातापयरी में भी क्षेत्र अधिसूचित हुए हैं.
सूची में सीधी का बाड़ीटोला, धार के रायण और सरदारपुर, रायसेन का समनापुर जागीर, शिवपुरी का बदरवास, खरगोन का डाबरिया तथा निवाड़ी के निवाड़ी भाटा और बड़ेडी जंगल शामिल हैं. नीमच, कटनी, जबलपुर, बड़वानी, मंदसौर, छतरपुर और बैतूल में भी नए औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं.
सरकार के अनुसार, इन क्षेत्रों में विकसित भूमि उपलब्ध होने से छोटे और नए उद्यमियों को इकाइयां स्थापित करने या कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी. पहल का लक्ष्य राज्य में औद्योगिक ढांचे का विस्तार करने के साथ स्थानीय निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है.
