मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद ने विकास, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़े 7,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी है. बैठक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई.
ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में वेदांत पीठ के तहत अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि, यानी वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए मंजूर हुई है.
पशुपालन और सहकारी क्षेत्र पर फैसले
दूध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत देशी गौवंश को प्रोत्साहित करने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया गया. नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता दी जाएगी. बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनावों की अवधि भी एक साल बढ़ाई गई है.
केंद्र की RDSS योजना के तहत 1,834 बस्तियों के 46,000 से अधिक घरों और 54 सरकारी व सार्वजनिक संस्थानों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193.72 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं. राज्य खनिज निगम को खनिज अन्वेषण नीति लागू करने वाली एजेंसी बनाने का फैसला भी हुआ. इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059.7 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये का प्रावधान मंजूर किया गया.
