मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल ने खरीफ 2026 के लिए सोयाबीन उत्पादक किसानों हेतु भावांतर भुगतान योजना लागू करने को मंजूरी दी है. योजना प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत लागू होगी. इसके लिए किसानों को खाद्य विभाग के ई-उपार्जन पोर्टल पर 17 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कराना होगा.
अधिसूचित मंडियों में सोयाबीन बेचने की अवधि 22 अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक तय की गई है. पात्र किसानों को भावांतर की राशि सीधे उनके पंजीकृत बैंक खातों में भेजी जाएगी. भुगतान के लिए मॉडल रेट की व्यवस्था भी रहेगी, जिसका निर्धारण मंडियों के भारित औसत भाव के आधार पर किया जाएगा.
कॉरिडोर के लिए 100 करोड़ की प्रारंभिक पूंजी
कैबिनेट ने जबलपुर-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर और चयनित औद्योगिक हब के एकीकृत विकास के लिए पूर्णतः राज्य सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी गठित करने की स्वीकृति भी दी. कंपनी को 100 करोड़ रुपये की प्रारंभिक चुकता पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी.
यह कंपनी औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, फूड और एग्रो-प्रोसेसिंग पार्क तथा आईटी पार्क जैसी सुविधाओं के विकास पर काम करेगी. कैबिनेट ने बुरहानपुर, रायसेन, मंदसौर और सिंगरौली की सिंचाई परियोजनाओं की निरंतरता के लिए 3,076.37 करोड़ रुपये को भी मंजूरी दी.
