मध्य प्रदेश के करीब 11 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को 2027 से कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसके लिए कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा रहा है. हालांकि, योजना का अंतिम स्वरूप और लागू होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है.
प्रस्ताव के अनुसार, कर्मचारियों और उनके परिवारों को सालाना 20 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार कवर मिल सकता है. पेंशनरों के लिए 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रस्तावित है. इसके बदले कर्मचारियों से मूल वेतन का 1 प्रतिशत और पेंशनरों से पेंशन का 4 प्रतिशत मासिक अंशदान लेने की बात कही गई है.
योजना में कर्मचारी के पति या पत्नी, माता-पिता और दो आश्रित बच्चों को शामिल करने का प्रस्ताव है. दत्तक संतान और तलाकशुदा पुत्री को भी पात्रता में रखने की बात सामने आई है. पेंशनर के पति या पत्नी को भी लाभ मिल सकता है.
प्रस्तावित व्यवस्था में आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों, CGHS अस्पतालों और मध्य प्रदेश के बाहर के चिन्हित अस्पतालों में उपचार का प्रावधान हो सकता है. प्रत्येक हितग्राही के लिए फोटोयुक्त डिजिटल हेल्थ कार्ड बनाने की योजना है. स्वास्थ्य विभाग की सहमति के बाद प्रस्ताव को कैबिनेट के सामने रखा जाएगा.
