मध्य प्रदेश में गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई घोषणाएं की हैं. इंदौर जिले के महू तहसील के आशापुरा गांव में कामधेनु गौशाला के लोकार्पण के दौरान उन्होंने भोपाल और जबलपुर में भी 10-10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशालाएं विकसित करने की योजना बताई.

मुख्यमंत्री ने इंदौर की कामधेनु गौशाला के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की. इस राशि से सीएनजी गैस संयंत्र सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जानी हैं. गौशाला का निर्माण करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है और इसमें जनसहयोग के साथ सरकारी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया गया.

गौशालाओं की सहायता राशि दोगुनी

डॉ. यादव के अनुसार, प्रदेश की करीब 3,200 गौशालाओं में 5.61 लाख से अधिक गौवंश के लिए सरकार सहायता दे रही है. पहले प्रति गौवंश 20 रुपये प्रतिदिन की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन किया गया है.

प्रस्तावित गौशालाओं में आवास, उपचार और चारे की सुविधाओं पर जोर रहेगा. सरकार का उद्देश्य निराश्रित गौवंश के बेहतर प्रबंधन के साथ गांवों और मोहल्लों में गौपालन को बढ़ावा देना भी है. मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती और देशी गौवंश के संरक्षण को भी इस पहल से जोड़ा.