मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले 24 सितंबर से बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 24 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. पूर्वी हिस्से के लिए 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान भी दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर और आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके 21 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर डिप्रेशन और 22 सितंबर तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई थी. इसके प्रभाव से 23 सितंबर से मध्य प्रदेश में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
छतरपुर, सतना, दमोह, डिंडौरी, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में भारी बारिश की चेतावनी बताई गई है. राज्य में अब तक औसत बारिश करीब 33.9 इंच दर्ज हुई है. हालांकि, कई जिलों में बारिश सामान्य से कम है और कुछ क्षेत्रों में 5 से 24 प्रतिशत तक कमी बताई गई है.
