मध्य प्रदेश के बड़े शहरों को आसपास के क्षेत्रों के साथ जोड़कर मेट्रोपोलिटन रीजन के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है. भोपाल के लिए विकास योजना-2047 का प्रारूप जारी हो चुका है. इस पर एक महीने तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी, जिसके बाद अंतिम मास्टर प्लान लागू किया जाना प्रस्तावित है.
प्रारूप में वर्ष 2047 तक करीब 45 लाख की आबादी के आधार पर योजना बनाई गई है. इसमें 123.62 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क, 51 किलोमीटर के नए बायपास और लगभग 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रोथ कॉरिडोर का प्रस्ताव शामिल है. योजना में 254 गांवों को भी शामिल किया गया है.
सरकार की योजना भोपाल और इंदौर के साथ जबलपुर तथा ग्वालियर के लिए भी मेट्रोपोलिटन स्तर की क्षेत्रीय योजना तैयार करने की है. विधानसभा में दिए गए सरकारी वक्तव्य के अनुसार, इन शहरों के आसपास का क्षेत्र निर्धारित कर सुव्यवस्थित शहरीकरण की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी है.
इंदौर का नया मास्टर प्लान लंबे समय से लंबित है, जबकि जबलपुर के मास्टर प्लान में देरी को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी अधिकारियों से जवाब मांगा है.
