मध्य प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रस्तावित कार्यक्रम और बस संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. सेवा का औपचारिक शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में प्रस्तावित है.

राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शुरुआती चरण में 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की जानकारी सामने आई है. योजना के तहत शहरों के भीतर और शहरों के बीच बस सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

परिवहन विभाग की योजना में यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए GPS, CCTV, पैनिक बटन और चालक निगरानी जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इलेक्ट्रिक और CNG बसों को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है.

अधिकारियों के अनुसार, मार्गों की योजना के लिए 150 शहर, 450 अंतरशहरी और 436 अंतरराज्यीय मार्गों का सर्वे किया गया है. सरकार ने आने वाले वर्षों में सेवा का विस्तार कर प्रदेश के सभी 55 जिलों तक सार्वजनिक परिवहन पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.