मध्य प्रदेश में वेतन वृद्धि, नियमित नियुक्ति और अन्य लंबित मांगों को लेकर सफाईकर्मियों ने बुधवार, 4 नवंबर से प्रदेशव्यापी काम बंद हड़ताल शुरू कर दी. दीपावली से पहले शुरू हुए आंदोलन का असर भोपाल समेत कई नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है.
भोपाल में घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले 400 से अधिक वाहन सड़कों पर नहीं उतरे. न्यू मार्केट सहित कई बाजारों और रिहायशी इलाकों में कचरा नहीं उठने से जगह-जगह ढेर लगने लगे. अन्य शहरों में भी सफाई और कचरा परिवहन प्रभावित होने की खबरें हैं.
अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट के अनुसार, कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक वेतन, स्थायी नियुक्ति, ठेका व्यवस्था खत्म करना और अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान शामिल है.
मंत्री और प्रमुख सचिव से बातचीत प्रस्तावित
संगठन के पदाधिकारियों की नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विभाग के प्रमुख सचिव मनोज दुबे से मुलाकात प्रस्तावित है. कर्मचारियों का कहना है कि बातचीत में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी.
हड़ताल से एक दिन पहले भोपाल में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था. जहांगीराबाद चौराहे के पास पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ. नगर निगम ने इसके बीच वार्डों में विशेष सफाई और फॉगिंग अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
