मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत करीब 50 लाख ग्रामीण हितग्राहियों की मुफ्त रजिस्ट्री का काम पटवारियों के विरोध के कारण अटक गया है. भोपाल में सरकार और पटवारी संघ के बीच हुई बैठकों के बावजूद गतिरोध दूर नहीं हो सका.
पटवारी संघ का कहना है कि रजिस्ट्री दस्तावेजों में उन्हें निष्पादन अधिकारी या विक्रेता की भूमिका दी जा रही है. संघ को आशंका है कि भविष्य में जमीन के स्वामित्व या सीमांकन से जुड़े विवाद होने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. पटवारियों ने लिखित आदेश और स्पष्ट सर्कुलर जारी होने तक रजिस्ट्री का काम नहीं करने की बात कही है.
सरकार की ओर से योजना में पटवारी की भूमिका को पदेन आधार पर रखने और रजिस्ट्री की निगरानी एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार के स्तर पर करने का प्रस्ताव सामने आया है. विवाद होने पर सरकारी वकील के जरिए पैरवी कराने की बात भी कही गई है.
इससे पहले मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कराने और आदेश नहीं मानने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे. फिलहाल योजना का आगे का क्रियान्वयन सरकार और पटवारी संघ के बीच लिखित समाधान पर निर्भर है.
