मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 9 अक्टूबर को बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है.

यह बदलाव चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ के प्रभाव से हो रहा है. कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश के अलावा प्रदेश के बड़े हिस्से में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.

भोपाल और इंदौर समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई शहरों में दिन के समय धूप रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में पूर्वी हिस्से के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई थी.

10 अक्टूबर से मौसम साफ होने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 9 अक्टूबर के बाद बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ सकता है. 10 से 12 अक्टूबर के बीच पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना पूरी तरह समाप्त नहीं मानी गई है.