मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 से 23 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है.

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, शहडोल और नर्मदापुरम समेत कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना बताई गई है. मौसम में यह बदलाव मानसून के अंतिम चरण में उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है.

बारिश की गतिविधि के बावजूद प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य स्तर तक नहीं पहुंची है. 15 सितंबर तक मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 6% कम बारिश दर्ज की गई थी. पश्चिमी हिस्सों में कमी अधिक रही, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर बताई गई.

मौसम विभाग के अनुसार, 21 सितंबर तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. इसके बाद बारिश सीमित होने और सितंबर के अंतिम सप्ताह में मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है.