मध्य प्रदेश से मानसून 3 अक्टूबर को विदा हो चुका है, लेकिन राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अभी पूरी तरह थमी नहीं हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 9 अक्टूबर के बीच जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
6 अक्टूबर को पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में बारिश के आसार बताए गए हैं. 7 और 8 अक्टूबर को भी पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बादल, गरज-चमक और स्थानीय वर्षा की संभावना बनी रहेगी.
चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि सभी जिलों में बारिश की तीव्रता समान रहने का अनुमान नहीं है.
दूसरी ओर भोपाल और इंदौर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. यहां दिन में धूप और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है. गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है.
