मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है. प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध भी देखी जा रही है.
कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया. इंदौर में रात का पारा 12.5 डिग्री और पचमढ़ी में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा. भोपाल और अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले तीन दिनों में और गिरावट संभव
मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री तक और गिर सकता है. दिन में धूप रहने से अधिकतम तापमान अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा.
10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके बाद उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है और नवंबर के दूसरे सप्ताह में रात की ठंड तेज होने का अनुमान है. फिलहाल प्रदेश में बारिश या आंधी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
