मध्य प्रदेश में 20 से 22 अक्टूबर के बीच मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है. इंदौर समेत 14 जिलों में मंगलवार को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, हरदा और बैतूल शामिल हैं. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

इंदौर में स्थानीय बारिश

सोमवार को इंदौर और आसपास के कुछ इलाकों में थोड़े समय के लिए बारिश हुई. शहर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली गिरने की आशंका के बीच सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश में इस अवधि के दौरान मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है.