मध्य प्रदेश के पन्ना में लोकायुक्त पुलिस ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है. कार्रवाई सोमवार, 23 नवंबर को पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित अधिकारी के सरकारी आवास एफ-3 पर की गई.

मामला प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत मिली सब्सिडी से जुड़ा है. शिकायतकर्ता भागवत साहू ने वर्ष 2024-25 में ऑयल मिल लगाने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से 5.94 लाख रुपये का ऋण लिया था. उनकी पत्नी गेंदाबाई साहू ने आटा और ऑयल मिल के लिए भारतीय स्टेट बैंक से 6.30 लाख रुपये का ऋण लिया था.

योजना के तहत भागवत साहू को 2,31,280 रुपये और उनकी पत्नी को 2,20,500 रुपये की सब्सिडी मिली थी. आरोप है कि सहायक संचालक ने दोनों की सब्सिडी में से कुल दो लाख रुपये मांगे. शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम नहीं देने पर सब्सिडी बैंक में वापस कराने से जुड़ी कार्रवाई की धमकी दी गई थी.

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त सागर की टीम ने जाल बिछाया. कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में हुई. पुलिस ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है.