मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की मौतों के बीच राहुल गांधी 1 अक्टूबर को प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे. वे बैहर और बिरसा विकासखंड के गांवों में जाकर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और क्षेत्र की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी स्थिति की जानकारी लेंगे.
यह 13 दिनों के भीतर राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में दूसरा दौरा होगा. इससे पहले वे 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे. उस कार्यक्रम से पहले उन्होंने आदिवासी बच्चों की बीमारी, कुपोषण और मौतों को लेकर सरकार पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया था.
जून से सामने आया मौतों का मामला
बालाघाट के बैगा आदिवासी बहुल इलाकों में बच्चों की मौतों का सिलसिला जून 2026 से सामने आया. उपलब्ध विवरण के मुताबिक पहली दर्ज मौत 16 जून को बिरसा विकासखंड के बोंदारी गांव में 16 वर्षीय रूपलाल धुर्वे की हुई थी. इसके बाद कोहनीमोड़टोला, बोंदारी, कुंडेकसा, कोरका और आसपास के गांवों से बच्चों की मौतों की जानकारी सामने आई. सरकारी आंकड़ों के अनुसार मृतकों की संख्या 32 हो चुकी है.
22 जुलाई को अडोरी पंचायत के सरपंच ने बोंदारी में तीन बच्चों की मौत की जानकारी तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी को दी थी. 12 अगस्त को जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों में बीमारी के प्रकोप को लेकर पत्र जारी किया. इसके बाद केंद्र और राज्य की स्वास्थ्य टीमें क्षेत्र में पहुंचीं और रक्त नमूनों की जांच की गई.
जांच में संक्रमण और कुपोषण के संकेत
राष्ट्रीय संयुक्त आउटब्रेक रिस्पॉन्स टीम ने 196 मामलों की जांच की, जिनमें 156 बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे. 64 नमूनों में 25 खसरा पॉजिटिव मिले, जबकि 32 मरीजों की मलेरिया जांच में 27 पॉजिटिव पाए गए. 12 मरीजों में दोनों संक्रमण मिले. जांच में डेंगू, चिकनगुनिया और एंटरोवायरस के मामले भी सामने आए. तीन बच्चों की मौत की समीक्षा में गंभीर कुपोषण, एनीमिया, निर्जलीकरण और श्वसन संबंधी समस्याओं का उल्लेख किया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच बैहर में MR-1 टीकाकरण कवरेज 51% और MR-2 कवरेज 49% था. बिरसा में ये आंकड़े क्रमशः 64.8% और 65% रहे. स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कमियों में जिला पब्लिक हेल्थ लैब और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की कमी, साझा स्वास्थ्य डेटा का अभाव और एक प्रभावित गांव में लंबे समय से ASHA कार्यकर्ता का पद खाली होना शामिल है.
29 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रभावित गांवों का दौरा कर परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी. कांग्रेस नेता उमंग सिंघार के अनुसार राहुल गांधी परिवारों से मिलकर यह समझने की कोशिश करेंगे कि पोषण, टीकाकरण और अन्य सरकारी सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक क्यों नहीं पहुंचीं.
