लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को शिक्षक भर्ती-2025 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर पत्र लिखा है. 29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली होने का मुद्दा उठाया.

राहुल गांधी के अनुसार, मौजूदा भर्ती प्रक्रिया में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी इन पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि कई उम्मीदवार परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के बावजूद स्थायी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं. कुछ अभ्यर्थी अतिथि शिक्षक के रूप में काम कर रहे हैं और कई की आयु भर्ती की अधिकतम सीमा के करीब पहुंच रही है.

अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 में प्रत्येक विषय के लिए 3,000 अतिरिक्त पद और वर्ग-3 में कुल 25,000 पदों की मांग रखी है. राहुल गांधी ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने, उनके प्रतिनिधियों से मिलने और वर्ग-2 व वर्ग-3 भर्ती की दूसरी काउंसलिंग शुरू करने का आग्रह किया.

अभ्यर्थियों के प्रतिनिधित्व के मुताबिक, मध्य प्रदेश शिक्षा विभाग में 1.15 लाख से अधिक स्वीकृत शिक्षक पद हैं, जबकि मौजूदा प्रक्रिया में करीब 15,000 पदों पर भर्ती हो रही है.