मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दिवाली के अवसर पर इस बार करीब दो करोड़ रुपये की नोटों से सजावट की गई है. मंदिर में 40 देशों की विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण और भक्तों की ओर से जमा की गई अन्य वस्तुओं को भी सजावट में शामिल किया गया है. यह विशेष सजावट धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिनों के लिए की जाती है.
मंदिर के पंडित अश्विनी पूजारी के अनुसार, सजावट के लिए नोट जमा करने का सिलसिला शरद पूर्णिमा से शुरू हो जाता है. इस बार करीब दो हजार भक्तों ने नकदी जमा कराई है. एक रुपये से लेकर 500 रुपये तक के नोटों से वंदनवार, कुंड और पेड़ जैसी आकृतियां तैयार की गई हैं. 100 और 200 रुपये के नोटों से मोरपंख भी बनाए गए हैं. छत और दीवारों पर नोटों के तोरण लगाए गए हैं.
चांदी के हाथी और सिक्कों वाली साड़ी
मंदिर के गर्भगृह में ढाई-ढाई किलोग्राम वजन वाले चांदी के पांच हाथी रखे गए हैं. इनके अलावा चांदी के 52 छोटे हाथी भी सजावट का हिस्सा हैं. पहली बार 45 चांदी के सिक्कों से जड़ी साड़ी भी प्रदर्शित की जा रही है. विदेशी नोटों और डॉलर को लेमिनेशन के बाद सजावट में लगाया गया है.
सजावट के लिए 35 लोगों की टीम काम कर रही है. कलाकारों के मुताबिक, नोटों को पिन से नहीं लगाया जाता. उन्हें अलग-अलग पॉलीथिन में सुरक्षित करके बारीक धागों से सजाया जाता है, ताकि नुकसान कम हो. नोटों में बहुत छोटे छेद किए जाते हैं और उन्हें सावधानी से पिरोया जाता है. पांच दिन बाद नोटों को पॉलीथिन से निकालकर भक्तों को लौटा दिया जाता है.
रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा की व्यवस्था
इस बार मंदिर में पहली बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई है. भक्तों का नाम, पता, फोटो, मोबाइल नंबर और जमा की गई नकदी या आभूषणों का विवरण दर्ज किया जा रहा है. ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण के बाद भक्तों को सीलबंद टोकन दिए जाते हैं.
मंदिर प्रशासन के अनुसार, जमा राशि और आभूषणों का रोजाना हिसाब रखा जा रहा है. सुरक्षा के लिए बंदूकधारी गार्ड तैनात हैं और मंदिर परिसर में 24 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है. मंदिर में महालक्ष्मी के साथ गणेश और सरस्वती की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं.
