इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक में संगठन की अगले तीन साल की कार्ययोजना पर चर्चा हो रही है. डेली कॉलेज स्थित संत श्री रविदासजी महाराज सभागार में चल रही बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हैं. इस बार पहली बार सभी प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारियों को भी बैठक में बुलाया गया है.

संघ ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन, ‘स्व’ का भाव और नागरिक कर्तव्य को अगले चरण के प्रमुख विषयों के रूप में रखा है. इन पांच विषयों को ‘पंच परिवर्तन’ नाम दिया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सभी प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल करने की तैयारी करीब 18 महीने से चल रही थी.

युवा भागीदारी और नशामुक्ति पर चर्चा

तीन दिवसीय बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है. शहरों, गांवों और कॉलेज परिसरों में युवाओं को जोड़ने के लिए किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई.

बैठक में युवाओं में नशीली दवाओं के बढ़ते चलन पर चिंता जताई गई. अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, इससे निपटने के लिए सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर प्रयास जरूरी हैं. सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर विचार किया जा रहा है.

Gen-Z आंदोलनों से जुड़े सवाल पर आंबेकर ने कहा कि किसी आवाज या आंदोलन को केवल पक्ष-विपक्ष के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलनों का देशहित में होना जरूरी है और संघ इस विषय पर सतर्क रहेगा.

शाखाओं और सम्मेलनों के आंकड़े

आंबेकर के मुताबिक, देश में दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1,01,151 हो गई है. साप्ताहिक और मासिक मिलन को मिलाकर संघ का काम 1,10,849 स्थानों तक पहुंच गया है. पिछले साल अक्टूबर की तुलना में शताब्दी वर्ष के दौरान 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं जुड़ने की जानकारी दी गई.

बैठक में बताया गया कि शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65,660 हिंदू सम्मेलन हुए. शहरों में ये आयोजन बस्ती स्तर पर और गांवों में मंडल स्तर पर किए गए.

विदेशों में विस्तार पर भी मंथन

बैठक में विदेशों में संघ की गतिविधियां बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. इसमें तीन विदेश प्रमुख शामिल हैं. आंबेकर के अनुसार, सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के अगस्त और सितंबर में अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के प्रवास के अनुभव भी साझा किए गए.

बैठक की शुरुआत सोमवार को डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की थी. बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलने की जानकारी दी गई है.