मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है. यह फैसला सागर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाए जाने के सात दिन बाद लिया गया. 27 अक्टूबर को जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय तबादला कर दिया गया था. हालांकि, उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं हुआ है.

सुजानिया ने अपने आवेदन में इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत कारण और नई नौकरी का अवसर बताया है. पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा आवेदन गृह विभाग को भेजेगी. इसके बाद राज्य सरकार और केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इस्तीफा मंजूर होने तक सुजानिया सेवा में बने रहेंगे.

सुजानिया को दूसरी बार SP पद से हटाया गया

सुजानिया के करियर में यह दूसरी बार है, जब जहरीली शराब से जुड़ी घटना के बाद उन्हें SP पद से हटाया गया. जनवरी 2021 में वह मुरैना के SP थे. उस समय जहरीली शराब पीने से 24 से अधिक लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद उन्हें और जिले के कलेक्टर को पद से हटा दिया गया था.

कुछ महीने पहले सुजानिया को सागर का SP बनाया गया था. सागर में शराब से जुड़ी मौतों के बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय में AIG की जिम्मेदारी दी गई. उनके इस्तीफे को लेकर तबादले से नाराजगी की चर्चाएं हैं, लेकिन आवेदन में तबादले को कारण नहीं बताया गया है.

अभिषेक तिवारी ने भी छोड़ी थी सेवा

सुजानिया से पहले सागर के SP रहे 2013 बैच के IPS अधिकारी अभिषेक तिवारी ने भी पुलिस सेवा छोड़ दी थी. अगस्त 2024 में सागर के शाहपुर में दीवार गिरने से नौ बच्चों की मौत हुई थी. उस समय तिवारी सागर के SP थे और घटना के बाद उनका तबादला कर दिया गया था.

बाद में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली गए और NTRO में तैनात हुए. जनवरी 2026 में उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली. दोनों अधिकारियों ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद IPS ज्वाइन किया था और अलग-अलग समय पर सागर के SP रहे.