मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए. हादसा देवरी क्षेत्र में बांदरी थाना इलाके के नीम घाटी के पास हुआ.
प्रशासन के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग नर्मदा नदी के बरमान घाट पर स्नान और पूजा करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद कुछ यात्री ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर जा गिरे.
घायलों को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. इनमें से 10 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
मृतकों की पहचान रक्षाप्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है. सभी मृतक और घायल गड़ौला गोसाई गांव के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. वाहन के किसी अन्य गाड़ी से टकराने और दुर्घटना के सही कारणों की भी जांच की जा रही है.
