मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा कस्बे में सोमवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई. हादसे में चार अन्य लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया.

पुलिस के अनुसार, आग महावीर वार्ड स्थित जैन मंदिर के पास सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के घर में सुबह करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच लगी. उस समय मकान में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे.

मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है. मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं.

पुलिस और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया तथा बचाव अभियान चलाया. आग लगने का कारण अभी सामने नहीं आया है. अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है. यह हादसा दीपावली के अगले दिन हुआ.