मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के जंगल में घायल मिले 19 महीने के नर चीते KNG22 की इलाज के दौरान मौत हो गई. वन विभाग के अनुसार, चीता 25 अक्टूबर को श्योपुर टेरिटोरियल फॉरेस्ट डिविजन के कंपार्टमेंट नंबर 748 में घायल अवस्था में मिला था. उसे रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया था.
प्रारंभिक एक्स-रे में उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में बाहरी वस्तुएं दिखाई दी थीं. इसके बाद विशेषज्ञों की सलाह पर चीते को जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (NDVSU) के पशु चिकित्सा सर्जरी और रेडियोलॉजी विभाग में भेजा गया.
सीटी स्कैन में गंभीर चोटों की पुष्टि
विभाग में किए गए सीटी स्कैन में शरीर के भीतर मौजूद फायरआर्म्स पेलट्स से आंतरिक अंगों, मांसपेशियों, हड्डियों और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई. इसके बाद डॉक्टरों ने आपात सर्जरी की, जिसमें चीते के शरीर से बंदूक के पांच छर्रे निकाले गए. गंभीर चोटों के कारण लगातार उपचार और पशुचिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई.
चीते की मौत के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए वन और पुलिस अधिकारियों की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बनाई है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चीते को किसने और किन परिस्थितियों में गोली मारी. अभी वन विभाग की ओर से किसी संदिग्ध या आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है.
वन विभाग के बयान के अनुसार, KNG22 की मौत के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या 58 रह गई है. इनमें 52 चीते कूनो नेशनल पार्क, चार गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य और दो वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में हैं.
