मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की सिरोंज जनपद पंचायत में विवाह सहायता योजना के तहत कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है. एजेंसी के अनुसार, 2019 से नवंबर 2021 के बीच 5,923 संदिग्ध विवाहों के नाम पर करीब ₹30.18 करोड़ की सरकारी राशि जारी की गई.
ईडी का आरोप है कि तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ शोभित त्रिपाठी ने डेटा एंट्री ऑपरेटरों और अन्य लोगों के साथ मिलकर योजना के पोर्टल पर फर्जी या मनगढ़ंत दस्तावेज अपलोड कराए. इसके बाद अपात्र आवेदकों के बैंक खातों में राशि भेजी गई और रकम को कई किस्तों में निकाले जाने का दावा है.
जांच एजेंसी के मुताबिक, धनराशि का कुछ हिस्सा संबंधित लोगों और संस्थाओं के खातों में पहुंचा तथा शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अचल संपत्तियों में लगाया गया. कोविड-19 काल में विवाहों पर प्रतिबंध के बावजूद योजना के तहत कुछ संदिग्ध भुगतान होने की बात भी सामने आई है.
ईडी ने भोपाल, विदिशा, कटनी और छतरपुर में सात ठिकानों पर तलाशी के दौरान दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए थे. एजेंसी ने ₹21.7 लाख के बैंक खातों और म्यूचुअल फंड को फ्रीज करने की जानकारी दी है. आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है.
