उज्जैन में शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से को हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहेगा. मस्जिद प्रबंधन से जुड़ी नुमाइंदा समिति के सदस्य फहीम सिकंदर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन, शहर काजी और समिति के पदाधिकारियों के बीच चर्चा के बाद काम शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है.
यह सड़क चौड़ीकरण परियोजना सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ी है. समिति के अनुसार, मुस्लिम समुदाय परियोजना का विरोध नहीं कर रहा है और प्रभावित हिस्से को हटाने में सहयोग कर रहा है. शुरुआती चरण में मस्जिद के हिस्से को लोग स्वयं हटाते रहे हैं. जरूरत पड़ने पर मशीनों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
सिकंदर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में सात से आठ दिन लगने की संभावना है. सोमवार को कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव और पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें सामने आई थीं. पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, कार्रवाई पूरी मस्जिद को हटाने की नहीं, बल्कि सड़क की प्रस्तावित सीमा में आने वाले हिस्से तक सीमित है.
