महाराष्ट्र के अकोला रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहा 24 वर्षीय यात्री हादसे का शिकार होते-होते बच गया. रेलवे पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) राजेश नागरे ने समय रहते उसे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर खींच लिया.
घटना अकोला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रात करीब 9:30 बजे हुई. जानकारी के अनुसार, नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन संख्या 12106 विदर्भ एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंच रही थी. मध्य प्रदेश के कटनी जिले के चारगांव निवासी भानू प्रसाद अंगत प्रसाद लोधी ट्रेन की गति पूरी तरह कम होने से पहले ही प्लेटफॉर्म की ओर उतरने लगा.
युवक के हाथ में बैग था और वह मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए बात कर रहा था. उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के फुटबोर्ड तथा प्लेटफॉर्म के बीच की संकरी जगह में फंस गया. स्थिति देखते ही ड्यूटी पर तैनात ASI राजेश नागरे ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और ट्रेन के नीचे जाने से पहले सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मौके पर महिला हेड कांस्टेबल दुर्गा रामटेके और कांस्टेबल भूषण भी ड्यूटी पर मौजूद थे. रेलवे पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.
दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नागपुर से विदर्भ एक्सप्रेस में सवार होकर अकोला आया था. उसे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी काकीनाडा-कर्नूल टाउन एक्सप्रेस से लातूर जाना था. दूसरी ट्रेन के रवाना होने का समय नजदीक होने के कारण उसने चलती विदर्भ एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश की.
रेलवे पुलिस स्टेशन के निरीक्षक अमोल दोंड ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा जल्दबाजी से अधिक महत्वपूर्ण है.
