महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ में 25 दिन के बच्चे के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बच्चे को अगवा किए जाने के करीब चार घंटे के भीतर मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया गया.

अंबरनाथ पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक शब्बीर सैयद के मुताबिक, 10 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे अंबरनाथ में बोलने और सुनने में असमर्थ एक महिला ने बच्चे को कथित तौर पर जबरन छीन लिया. इसके बाद बच्चे को उसके साथियों को सौंप दिया गया, जो उसे बेचने की योजना बना रहे थे.

शुरुआती जांच में पुलिस ने सोनी गणेश को हिरासत में लिया. पूछताछ में बच्चे को धारावी निवासी रुकसार फारुख शेख को सौंपे जाने की जानकारी मिली. तकनीकी खुफिया जानकारी और फोन गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने रुकसार का पता लगाया और बच्चे को बरामद कर लिया.

पुलिस ने पार्वती नागराज, सोनी गणेश, शक्तिवेल परमेश्वरम, निशा शक्तिवेल और रुकसार फारुख शेख को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस कथित बिक्री योजना और गुजरात कनेक्शन की भी जांच कर रही है.