केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली में NCP के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में पार्टी के अंदरूनी मतभेद सुलझाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया. नेताओं से कहा गया कि NDA को मजबूत बनाए रखने के लिए पहले पार्टी के भीतर की स्थिति संभालनी होगी.
बैठक में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे शामिल हुए. सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं थे. रिपोर्ट्स में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों का भी जिक्र हुआ, हालांकि इस संभावना को लेकर स्पष्ट सहमति सामने नहीं आई है.
सुनेत्रा पवार ने बुलाई विधायकों की बैठक
इस घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और NCP अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने मंगलवार शाम मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास देवगिरी पर पार्टी के सभी विधायकों की तत्काल बैठक बुलाई है. यह बैठक पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के बाद हो रही है.
बैठक में महाराष्ट्र सरकार में वित्त विभाग से जुड़े मुद्दे और पार्टी के संगठनात्मक कामकाज पर चर्चा होने की संभावना है. NCP प्रवक्ता उमेश पाटिल ने पार्टी में अंदरूनी मतभेद की खबरों को भ्रामक बताया है और कहा है कि अमित शाह से वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात पहले से तय थी.
