मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने अटल सेतु को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 7.35 किलोमीटर लंबे छह-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का 67 प्रतिशत काम पूरा होने की जानकारी दी है. यह परियोजना दक्षिण मुंबई, नवी मुंबई और पुणे के बीच सीधा संपर्क मजबूत करने के लिए बनाई जा रही है.

MMRDA के मुताबिक, कॉरिडोर शुरू होने के बाद दक्षिण मुंबई से पुणे की यात्रा में करीब 60 से 90 मिनट तक की बचत हो सकती है. इससे वाहनों को पनवेल मेन जंक्शन के भीड़भाड़ वाले हिस्से से बचने का वैकल्पिक मार्ग मिलेगा. परियोजना से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) तक पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है.

निर्माण कार्य चिरले और पालासपे हिस्सों में चल रहा है. चिरले सेक्शन में नींव का काम पूरा हो चुका है और 155 में से 153 पियर बनाए जा चुके हैं. यहां 240 में से 117 स्पैन पर डेक स्लैब का काम पूरा हुआ है. पालासपे सेक्शन में 21 में से 15 पाइल-ग्रुप फाउंडेशन तैयार हैं, जबकि पियर निर्माण 38 प्रतिशत तक पहुंचा है.

परियोजना का लक्ष्य मौजूदा सड़कों और पुलों के ऊपर ऊंचे स्तर पर यातायात को सुचारु रखना है.