भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का रविवार को निधन हो गया. वह 72 वर्ष के थे. सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हुई.
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से आने वाले वडकुते मराठवाड़ा क्षेत्र में धनगर समुदाय के बीच प्रभावशाली माने जाते थे. उन्हें मार्च 2026 में राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था. इससे पहले वह महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य और महाराष्ट्र भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके थे.
एनसीपी से शुरू किया राजनीतिक सफर
रामराव वडकुते ने 1999 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के गठन के बाद उसके साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया. 2004 के विधानसभा चुनाव में एनसीपी ने उन्हें कलमनुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे. इसके बाद पार्टी ने उन्हें संगठन और विभिन्न संस्थागत जिम्मेदारियां दीं.
कांग्रेस-एनसीपी सरकार के कार्यकाल में वह महाराष्ट्र भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष नियुक्त हुए. 2004 में वह एनसीपी कोटे से महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए चुने गए.
अक्टूबर 2019 में वडकुते ने एनसीपी छोड़कर भाजपा का दामन थामा. 2021 में उन्हें भाजपा का हिंगोली जिला अध्यक्ष बनाया गया. वह पार्टी के चुनाव प्रमुख भी रहे और हिंगोली लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया.
नेताओं ने जताया शोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वडकुते के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें सरल और सहज व्यक्तित्व वाला नेता बताया. उन्होंने कहा कि वडकुते ने वंचित वर्गों के कल्याण और धनगर समुदाय के लिए काम किया तथा जमीनी स्तर के लोगों के प्रति उनकी चिंता लगातार दिखाई देती थी.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने उन्हें अपना करीबी सहयोगी और जनोन्मुखी नेता बताया. उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी.
