भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया. परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, उनकी उम्र 72 वर्ष थी और इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा.
परिवार के मुताबिक, वडकुते को खांसी की शिकायत के बाद 20 नवंबर को एम्स में भर्ती कराया गया था. शनिवार शाम करीब 6 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और रात लगभग 11:45 बजे इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
वडकुते महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी से ताल्लुक रखते थे. उन्हें अप्रैल में राज्यसभा के लिए चुना गया था. इससे पहले वह जून 2014 से अक्टूबर 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे थे.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि राजनीति ने एक सरल और समर्पित व्यक्तित्व खो दिया है. फडणवीस के अनुसार, वडकुते जमीनी स्तर पर लोगों के कल्याण को लेकर सक्रिय रहते थे.
मुख्यमंत्री ने बताया कि वडकुते ने हिंगोली जिले में भाजपा की संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली थीं और धनगर समुदाय के लिए व्यापक रूप से काम किया था. वह भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे और सहकारिता क्षेत्र में योगदान दिया.
उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शोक संदेश जारी कर वडकुते के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को याद किया.
