मुंबई: बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से यौन अपराध की पीड़िताओं के लिए राज्य की मनोधैर्य योजना और केंद्र की वात्सल्य योजना के बीच समन्वय की संभावना पर विचार करने को कहा है. अदालत का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पताल पहुंचने वाली पीड़िताओं को उपलब्ध सरकारी सहायता और पुनर्वास योजनाओं की जानकारी एक ही स्तर पर मिल सके.
जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस अशिष चव्हाण की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है. सुनवाई के दौरान राज्य की ओर से बताया गया कि मनोधैर्य योजना के तहत पीड़िताओं के पुनर्वास के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण और उनकी इच्छा के अनुसार आगे की शिक्षा में मदद जैसे कदम शामिल हैं.
अदालत ने कहा कि वित्तीय सहायता महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय में आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और मानसिक आघात से उबरने की सहायता भी जरूरी है. पीठ ने सरकार से दोनों योजनाओं को साथ लागू करने की व्यवहारिक व्यवस्था पर जानकारी देने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 4 नवंबर को होगी.
महाराष्ट्र की मनोधैर्य योजना यौन उत्पीड़न, बाल यौन अपराध और एसिड हमले की पीड़िताओं के लिए वित्तीय सहायता तथा पुनर्वास प्रावधानों से जुड़ी है.
