बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र के नए धर्मांतरण कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि केवल विवाह के उद्देश्य से धर्म परिवर्तन की अनुमति नहीं दी जा सकती. हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को अपनी इच्छा से धर्म बदलने की स्वतंत्रता है.

मुख्य न्यायाधीश महेश सी. त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ महाराष्ट्र फ्रीडम ऑफ रिलिजन एक्ट, 2026 की संवैधानिक वैधता से जुड़ी याचिका पर सुनवाई कर रही थी. यह याचिका ठाणे के 70 वर्षीय इस्लामी उपदेशक ने दायर की थी.

कानून में बल, धोखाधड़ी, दबाव, प्रलोभन, गलतबयानी, अनुचित प्रभाव या विवाह के जरिए कराए गए धर्मांतरण को अपराध बताया गया है. कानून की धारा 6 के तहत धर्म परिवर्तन से कम से कम 60 दिन पहले सूचना देने का प्रावधान है. याचिकाकर्ता ने संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत धर्म के प्रचार की स्वतंत्रता और कानून में ‘प्रलोभन’ की परिभाषा पर सवाल उठाया था.

सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि कानून का उद्देश्य समाज के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बनाए रखना और बल या दबाव से होने वाले धर्मांतरण से निपटना है. अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि विवाह से एक दिन पहले धर्म बदलने की प्रथा को किस आधार पर स्वीकार किया जा सकता है.

पीठ ने याचिका में पर्याप्त तथ्य नहीं होने पर यह भी पूछा कि याचिकाकर्ता कानून से सीधे तौर पर कैसे प्रभावित हुए हैं. अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता को यह बताना होगा कि राज्य के हस्तक्षेप के कारण वे धर्म का प्रचार नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें वास्तविक असुविधा हुई है.

इन टिप्पणियों के बाद याचिकाकर्ता ने याचिका वापस ले ली. अदालत ने पर्याप्त तथ्यों और आधार के साथ नई याचिका दाखिल करने की स्वतंत्रता दी.