महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि वह नागपुर जिले के नरखेड़ तहसील स्थित लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाएंगे. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सूखे से प्रभावित किसानों का मनोबल बढ़ाना है.

फडणवीस के मुताबिक, महाराष्ट्र इस साल गंभीर सूखे का सामना कर रहा है और किसान बड़े संकट में हैं. इसी वजह से सभी मंत्रियों ने गांवों का दौरा कर किसानों के साथ दिवाली मनाने का सामूहिक निर्णय लिया है.

उन्होंने कहा कि मंत्री किसानों से बातचीत करेंगे और उनके साथ बैठकर यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि सरकार उनके साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सूखे जैसे संकट का कोई तत्काल समाधान नहीं होता, लेकिन उनकी सरकार किसानों को सहायता देने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी.

फडणवीस ने इस कार्यक्रम को किसानों के साथ सीधे संवाद और उनका मनोबल बनाए रखने की कोशिश बताया.