World Hindu Congress की आयोजन समिति ने Meta से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जुड़े एक प्रचार वीडियो को हटाने का कारण स्पष्ट करने और उसे बहाल करने की मांग की है. समिति ने चेतावनी दी है कि जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
आयोजकों के अनुसार, वीडियो 26 अक्टूबर 2026 को Facebook, Instagram और अन्य प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था. कुछ घंटों के भीतर भारत में इसकी पहुंच प्रतिबंधित कर दी गई. Meta की ओर से भेजी गई सूचना में सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत कानूनी आवश्यकताओं का हवाला दिया गया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि किस कानून, प्रावधान या प्लेटफॉर्म नीति के आधार पर कार्रवाई की गई.
समिति ने 26 अक्टूबर की रात वीडियो दोबारा अपलोड किया, लेकिन उसके अगले दिन इसे फिर हटा दिया गया. उसने Meta से औपचारिक स्पष्टीकरण और सामग्री बहाल करने की मांग की है.
आयोजकों ने मामले में केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा मुंबई और दिल्ली पुलिस से भी हस्तक्षेप और जांच का अनुरोध किया है. World Hindu Congress का आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में प्रस्तावित है.
