महाराष्ट्र के धाराशिव जिले की तुलजापुर तहसील के येवती गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात हुई. मृतक की पहचान 56 वर्षीय खंडू पांडुरंग डोंबाले के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, खंडू डोंबाले के 29 वर्षीय बेटे श्रीशैल उर्फ बबलू ने उनसे मोबाइल फोन मांगा था. उसने नया फोन खरीदने के लिए पैसे भी मांगे. रात होने की बात कहते हुए पिता ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया और बेटे से किसी को फोन नहीं करने के लिए कहा.

इसके बाद खंडू डोंबाले घर के सामने आंगन में जाकर सो गए. आरोप है कि कुछ देर बाद श्रीशैल घर से बाहर आया और चूल्हे के पास रखा लोहे का पाइप उठाकर सो रहे पिता के सिर पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने पर नलदुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की पत्नी और आरोपी की मां सुरेखा खंडू डोंबाले की शिकायत पर श्रीशैल के खिलाफ नलदुर्ग थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 12 नवंबर को तुलजापुर न्यायालय में पेश किया. अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मृतक के परिवार में पत्नी, आरोपी बेटा और एक विवाहित बेटी हैं.