महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में पत्नी की हत्या के आरोप में एक इंजीनियर पति की तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार, गणेश शिवाजी टेकाले पर अपनी पत्नी कोमल टेकाले पर पत्थर से हमला कर हत्या करने का आरोप है. वारदात के समय उनका करीब चार साल का बेटा भी मौके पर मौजूद था.

पुलिस के मुताबिक, गणेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इसी विवाद को लेकर उसने कथित तौर पर कोमल का मोबाइल वीडियो रिकॉर्ड किया था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह रिकॉर्डिंग रिश्तेदारों और अन्य लोगों को भेजी गई थी या नहीं.

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच पति-पत्नी में विवाद हुआ था. इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे गणेश, कोमल और उनके बेटे को बाइक से कलंब-येरमाला मार्ग पर हासेगांव (केज) क्षेत्र की ओर ले गया. आरोप है कि ज्वारी के खेत में फिर विवाद हुआ और गणेश ने कोमल पर हमला कर दिया.

पुलिस का कहना है कि घटना के बाद बच्चा उस स्थान तक पहुंचने में मददगार रहा, जहां कोमल का शव पड़ा था. हत्या के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस मोबाइल में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद गणेश ने WhatsApp Status पर पत्नी को धोखा देने और उसे सजा देने से जुड़ा संदेश पोस्ट किया. आरोपी वारदात के बाद फरार है. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और फॉरेंसिक टीम ने संभावित साक्ष्य जुटाए.

गणेश के बेरोजगार होने और पिछले कुछ दिनों से नशे में रहने की जानकारी की भी पुलिस जांच कर रही है. हत्या के पीछे का पूरा घटनाक्रम और डिजिटल साक्ष्यों की प्रामाणिकता जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.