महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को पुणे से पिकनिक पर आए आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, सभी शव बरामद कर लिए गए हैं.
मृतक छात्र आळंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान के बताए जा रहे हैं और कक्षा 11वीं तथा 12वीं में पढ़ते थे. यह समूह कुल 48 लोगों का था, जिसमें 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे.
पुलिस के मुताबिक, आठ छात्र समुद्र में चले गए थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे पानी की गहराई और समुद्री बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सके, जिसके बाद तेज धार उन्हें गहरे पानी की ओर बहा ले गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों, बचावकर्मियों और प्रशासन ने तलाश अभियान शुरू किया. सभी छात्रों के शव बरामद किए गए और उन्हें बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन मौके पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई कर रहे हैं.
