महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में 18,000 रुपये के कर्ज को लेकर परिवार को कथित तौर पर धमकाने के मामले में पुलिस ने एक साहूकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के बेटे की 13 अक्टूबर को मुंबई के एक अस्पताल में मौत हो गई. परिवार ने आरोप लगाया है कि वह लगातार धमकियों के कारण गंभीर मानसिक तनाव में था.
तिलकनगर थाने में दर्ज मामले में आरोपी की पहचान 42 वर्षीय आबिद सैयद के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र मनी-लेंडिंग (रेगुलेशन) एक्ट के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास कथित तौर पर कर्ज देने का लाइसेंस नहीं था.
शिकायतकर्ता शम्मू बापुमिया पिंजारी ने बताया कि परिवार ने मई 2025 में आरोपी से 18,000 रुपये उधार लिए थे. तय शर्तों के अनुसार 40 दिनों तक रोज 300 रुपये चुकाने थे. परिवार का दावा है कि 7,500 रुपये नकद किस्तों में देने के बावजूद आरोपी ब्याज बढ़ाकर भुगतान के लिए दबाव बनाता रहा.
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को आरोपी उनके घर पहुंचा और दो दिन में 20,500 रुपये देने की मांग की. शिकायत में उस पर युवक को नाखून उखाड़ने, घावों में लाल मिर्च डालने और उंगलियां काटने की धमकी देने का आरोप है. इसके बाद युवक की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई. आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
