महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में 35 वर्षीय IndiGo कर्मचारी वर्षा तुरकर का शव बॉन्डरानी वन क्षेत्र में मिला. वर्षा पुणे एयरपोर्ट के IndiGo टिकट काउंटर पर काम करती थीं और दिवाली मनाने के लिए अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित मायके गई थीं.
पुलिस के अनुसार, वर्षा शनिवार शाम करीब 4 बजे अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के किनारे गई थीं. कुछ घंटे बाद अग्रवाल ने परिवार को घटना की जानकारी दी. परिजन जब महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा के पास बॉन्डरानी जंगल पहुंचे, तब वर्षा गंभीर रूप से घायल मिलीं. उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जानकारी में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है. अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि नकाबपोश अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर लूटपाट की. हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ क्योंकि कथित हमले के बावजूद उसे कोई चोट नहीं आई थी. बयान में विरोधाभास मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस हत्या, कथित लूट और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मौत का सटीक कारण और घटनाक्रम पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगा.
