महाराष्ट्र के हिंगोली शहर की घनी आबादी वाली मरवाड़ी गली में सोमवार रात करीब 8 बजे पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई. आग के दौरान पटाखे फटने से रुक-रुककर धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.
गोदाम गोपाल बस्तवार का बताया जा रहा है. आग की चपेट में आसपास के कुछ घर और गली में खड़े दोपहिया वाहन भी आए हैं. स्थानीय लोगों ने दो लोगों की मौत और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का दावा किया है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल विभाग की एक वैन भी जलकर खाक हो गई. एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति काट दी गई है. आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने का काम जारी बताया गया है.
संकरी गलियों से राहत कार्य प्रभावित
अधिकारियों के मुताबिक, हिंगोली शहर का यह पुराना इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है. संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने में परेशानी हुई. मौके पर जमा भीड़ ने भी राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें बढ़ाईं.
आग लगने की वजह का पता बुझाने का काम पूरा होने के बाद चल सकेगा. फिलहाल नुकसान और संभावित हताहतों का अंतिम आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है.
