महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पटाखा गोदाम में लगी आग के दौरान घायल हुए दमकलकर्मी आकाश सांगले की सोमवार, 12 अक्टूबर को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. अधिकारियों के अनुसार, सांगले की उम्र 26 वर्ष थी.
इस मौत के साथ हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. आग हिंगोली शहर के मारवाड़ी कपड़ गली इलाके में स्थित पटाखा गोदाम में 5 अक्टूबर को लगी थी. आग बुझाने के दौरान हुए विस्फोट में दमकल विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए थे.
अधिकारियों के मुताबिक, सांगले भी उन दमकलकर्मियों में शामिल थे जिन्हें विस्फोट में गंभीर चोटें आई थीं. घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. आग लगने के कारण और गोदाम में सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है.
