पुणे स्थित Indian Institute of Science Education and Research (IISER) ने उमर खालिद की किताब ‘Fractured Communities: Adivasi Histories and the Politics of Power’ को अपनी श्रीनिवास रामानुजन लाइब्रेरी से वापस ले लिया है. संस्थान ने कहा कि यह फैसला किसी गलतफहमी या अशांति से बचने के लिए एहतियात के तौर पर लिया गया.

यह मामला तब सामने आया, जब किताब को लाइब्रेरी के डिजिटल बोर्ड पर ‘New Additions of Books’ के तहत प्रदर्शित किया गया. शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसकी तस्वीर साझा होने के बाद पोस्ट व्यापक रूप से प्रसारित हुई और किताब को लाइब्रेरी में शामिल किए जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया.

IISER पुणे ने अपने बयान में कहा कि लाइब्रेरी का संग्रह संस्थान के सदस्यों की सिफारिशों के आधार पर तैयार होता है और एक समर्पित समिति इसके संचालन की निगरानी करती है. संस्थान के मुताबिक, लाइब्रेरी में हर महीने विभिन्न विषयों की औसतन 50 से अधिक किताबें जोड़ी जाती हैं.

बयान के अनुसार, अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद किताब को वापस लेने का निर्णय लिया गया. संस्थान ने यह भी कहा कि आगे की कार्रवाई या उठाए जाने वाले कदमों की जांच की जाएगी.

संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के कार्यवाहक अध्यक्ष मदाभूषी मदन गोपाल ने अपने निजी ‘X’ अकाउंट से प्रतिक्रिया देते हुए किताब को शामिल किए जाने पर हैरानी जताई और तत्काल कार्रवाई की बात कही. बाद की पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है. हालांकि, एक संस्थान अधिकारी ने स्पष्ट किया कि ये पोस्ट अध्यक्ष ने अपने निजी अकाउंट से की थीं.

‘Fractured Communities’ सिंहभूम के आदिवासी समाजों के इतिहास और सत्ता की राजनीति पर केंद्रित है. यह किताब जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में उमर खालिद की PhD थीसिस पर आधारित है. खालिद 2020 से UAPA और अन्य कानूनी प्रावधानों से जुड़े एक मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में विचाराधीन कैदी हैं.