मुंबई के पवई स्थित IIT Bombay परिसर के हॉस्टल नंबर 6 में गुरुवार रात गैस रिसाव के बाद आग लग गई. हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हुए हैं. डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है.
बृहन्मुंबई नगर निगम के अनुसार, आग की सूचना रात करीब 10:24 बजे मिली. प्रारंभिक जानकारी में आग का कारण गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव बताया गया है. पुलिस और BMC वार्ड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला.
घायलों की पहचान 12 वर्षीय अंश अहिरवार, 9 वर्षीय तहजीब आलम, 37 वर्षीय ईश्वर सिंह, 34 वर्षीय शिवकुमार सिंह और 23 वर्षीय अनिलकुमार यादव के रूप में हुई है.
सभी को इलाज के लिए घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. बाद में इनमें से चार घायलों को आगे के उपचार के लिए कस्तूरबा अस्पताल स्थानांतरित किया गया. अधिकारियों के अनुसार, हॉस्टल का प्रभावित हिस्सा संभवतः आवासीय क्वार्टर के रूप में इस्तेमाल हो रहा था.
