IIT बॉम्बे के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है. जांच में सामने आया है कि 18 सितंबर को मिड-सेमेस्टर परीक्षा में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर पकड़े जाने के बाद साहिल ने संस्थान को लिखित माफी दी थी. पुलिस के मुताबिक, उसने परीक्षा की पर्याप्त तैयारी नहीं होने की बात स्वीकार की और दूसरा मौका देने का अनुरोध किया था.
साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था. 18 सितंबर की शाम वह हॉस्टल के कमरे में मृत मिला था. पुलिस के अनुसार, उसी दिन दोपहर 12:30 से 12:45 बजे के बीच की CCTV फुटेज में वह परीक्षा के दौरान बार-बार नीचे देखते हुए नजर आया. फुटेज में प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला के उससे बात करने और साहिल के मोबाइल फोन व उत्तर-पुस्तिका सौंपकर परीक्षा हॉल से बाहर जाने की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, साहिल करीब 1:25 बजे हॉस्टल के कमरे में पहुंचा और फिर बाहर नहीं निकला. क्राइम ब्रांच परीक्षा हॉल, कैंपस और हॉस्टल की CCTV फुटेज की जांच कर रही है. निदेशक शिरीष केदारे, प्रोफेसर दुल्ला समेत 40 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.
साहिल के पिता ने प्रोफेसर दुल्ला पर उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं. उनकी शिकायत पर पवई पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ FIR दर्ज की है और पुलिस ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी बनाया है. प्रोफेसर दुल्ला ने इन आरोपों से इनकार किया है.
संस्थान की कमेटी और छात्रों की मांगें
IIT बॉम्बे ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसकी अध्यक्षता IIT पालक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रो. रमेश वेंकटेश्वरन कर रहे हैं. कमेटी मौत से पहले की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच करेगी.
संस्थान ने पहले कहा था कि साहिल मोबाइल से नकल करते हुए ChatGPT पर प्रश्नपत्र अपलोड करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाद में यह बयान वापस ले लिया गया. संस्थान ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले ऐसा कहना उचित नहीं था. छात्रों ने 18 मांगों का चार्टर दिया था, जिसमें स्वतंत्र जांच और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार शामिल हैं.
