अभिनेता इमरान खान ने मुंबई में हुए प्रदर्शन के बाद उन्हें जारी किए गए ‘भारत छोड़ो’ नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है. विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी (FRRO) ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया था.
यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में उनकी मौजूदगी के बाद हुई. प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया था.
याचिका में इमरान खान ने कहा है कि वह अमेरिकी नागरिक होने के साथ Overseas Citizen of India (OCI) कार्डधारक हैं और उन्हें ‘साधारण विदेशी’ मानकर कार्रवाई नहीं की जा सकती. उनका तर्क है कि OCI दर्जा प्रभावित करने या देश छोड़ने का निर्देश देने से पहले उन्हें उचित सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए.
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि मौजूदा कानून या नियम OCI कार्डधारकों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से स्पष्ट रूप से नहीं रोकते. उन्होंने नोटिस को रद्द करने और उसके अमल पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की है. मामले में अदालत का अंतिम निर्णय अभी सामने नहीं आया है.
