महाराष्ट्र के जालना जिले की परतूर तहसील के शेलवाड़ा गांव में बंदर के एक बच्चे का सिर लोटे में फंस गया. वह करीब दो दिनों तक इसी हालत में गांव और उसके आसपास भटकता रहा. पानी की तलाश में बस्ती तक पहुंचे इस वानर को लोटे से निकलने में काफी परेशानी हो रही थी.
ग्रामीणों की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी. 11 नवंबर को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी. इसके बाद वन्यजीव प्राणी मित्र समाधान गिरी को बचाव अभियान में शामिल किया गया.
सावधानी से निकाला गया लोटा
12 नवंबर को वन विभाग और समाधान गिरी ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. टीम ने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि लोटा निकालते समय बंदर के बच्चे को चोट न पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद उसके सिर में फंसा लोटा सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया.
लोटा हटने के बाद बच्चे को राहत मिली. स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में टीम का सहयोग किया.
मां के साथ प्राकृतिक आवास में वापसी
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने बंदर के बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया. इसके बाद मां और बच्चे दोनों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. समय पर मिली सूचना और संयुक्त कार्रवाई से वानर के बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका.
घटना के बाद शेलवाड़ा गांव के लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग तथा प्राणी मित्र समाधान गिरी के प्रयासों की सराहना की.
